उड़ीसा के कलाकारों द्वारा ‘‘डाल खाई रे नृत्य’’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति

(अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। राष्ट्रीय शिल्प मेला अपनी समापन की पूर्व संध्या पर अपनी पूरी बानगी पर दिखा, मेले के ग्यारहवें दिन भी लोगों की तादात हजारों की संख्या में देखने को मिली है। महिलाओं का आकर्षण एवं हस्तशिल्प व घर के साज-सज्जा की वस्तुएं रहीं, वहीं युवाओं को लजीज व्यंजनों ने अपनी ओर आकर्षित किया। मेले में आये प्रत्येक व्यक्ति के लिए आकर्षण का खास विषय सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा।कार्यक्रम का शुभारम्भ राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो० सीमा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। केन्द्र परिवार तथा कलाकारों की ओर से केन्द्र निदेशक प्रो० सुरेश शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र से स्वागत और अभिनंदन किया गया। इसी क्रम में अपने स्वागत उद्बोधन में निदेशक द्वारा भारतीय संस्कृति, साहित्य और शिल्प कला पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा जगत से इन विधाओं को जोड़ने पर विशेष बल दिया। प्रयागराज की सुपरिचित लोकगीत गायिका प्रतिमा मिश्रा ने अपनी मीठी आवाज और गाने के अनूठे अंदाज में माता भगवती को प्रसन्न करने के लिए भजन ‘‘काजल के टीका लगाई देई, तोहका मनाय लेई रे’’ की प्रस्तुति ने पूरे पण्डाल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया, वहीं ‘रेलिया बैरन पिया को लिये जाय रे’ और पारम्परिक गारी ने लोगों को भाव विभोर कर दिया। इसी क्रम में उड़ीसा के कलाकारों द्वारा ‘‘डाल खाई रे नृत्य’’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी, असम के कलाकारों ने असमियां परिधान पहनकर ढोल की थाप और पेंपें की मधुर आवाज पर बिहू नृत्य अलौकिक छटा को बिखेरा, वहीं महाराष्ट्र के कलाकारों द्वारा श्रृंगार रस प्रधान लावणी नृत्य की प्रस्तुति दी गयी। वीरो की भूमि महोबा, उत्तर प्रदेश से आये राम चरन यादव और उनके दल के कलाकारों ने युद्ध कला पर आधारित दीवारी नृत्य प्रस्तुत किया, दीवारी नृत्य कार्तिक के महीने में ग्राम समाज के मन्दिर में युद्ध कला के प्रदर्शन को दर्शाते हुए किया जाता है। कार्यक्रम में भोजपुरी भाषा की मिठास को दर्शकों के बीच में उकेरते हुए बहुचर्चित प्रयागराज के युवा गायक धर्मेश दीक्षित द्वारा कई गीतों की लडि़यों को प्रस्तुत किया गया, जिसका पूर्वांचल के दर्शकों ने भरपूर आनंद उठाया।कार्यक्रम के अन्त में केन्द्र निदेशक ने सभी उपस्थित दर्शकों एवं श्रोताओं के साथ मुख्य अतिथि का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।



