फाइनल ईयर के छात्र परीक्षा को रहें तैयार

इविवि: 40 हजार छात्र अगली कक्षा में प्रोन्नत विश्वविद्यालय प्रशासन ने जारी किया आदेश
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध कॉलेजों में अध्ययनरत स्नातक (यूजी), परास्नातक (पीजी), एलएलबी और प्रोफेशनल कोर्सेज के अंतिम वर्ष या सेमेस्ट के छात्र परीक्षा के लिए तैयार रहें। इविवि प्रशासन ने परीक्षा कराने का फार्मूला तैयार कर लिया है। बस सुप्रीम कोर्ट के निर्णय और यूजीसी की गाइडलाइंस के बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।
इविवि और कॉलेजों में पढ़ रहे यूजी, पीजी, विधि और प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के लगभग 40 हजार छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा या सेमेस्टर में सशर्त प्रोन्नत कर दिया गया। इविवि प्रशासन ने इस संबंध में सूचना भी जारी कर दी है। अगली कक्षा में प्रोन्नत किए गए छात्रों को 07 सितंबर तक फीस जमा करने के लिए कहा गया है।
इविवि कॉलेजों में यूजी, पीजी, लॉ और प्रोफेशनल कोर्सेज में अंतिम वर्ष के 20 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं दो घंटे की होंगी। इसमें छात्र-छात्राओं को केवल चार सवालों के ही जवाब देने होंगे। प्रयोगात्मक परीक्षा का आंकलन वाइवा एवं असाइनमेंट के आधार पर होगा। जरूरत पड़ी तो वाइवा ऑनलाइन मोड में कराई जा सकती है। कोई छात्र किसी पेपर में फेल होता है तो वह द्वितीय परीक्षा में शामिल हो सकता है। कोरोना के चलते यह नियम इसी सत्र के लिए प्रभावी रहेगा। ताकि एकेडमिक कैलेंडर प्रभावित न हो सके।
इनसेट…
प्रोन्नत छात्रों का फार्मूला तय
प्रयागराज। इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को द्वितीय वर्ष में सशर्त प्रोन्नत कर दिया गया है। अब वह द्वितीय वर्ष की कक्षा में उपस्थित हो सकते हैं। इस बीच जब भी संभव हुआ तो उनकी परीक्षा भी कराई जाएगी। इस परीक्षा में भी चार प्रश्न ही पूछे जाएंगे और समय दो घंटे तय किया गया है। स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्रों को भी तृतीय वर्ष में प्रोन्नत किया गया है। इन छात्रों को अपना विषय चयन 27 अगस्त तक डीन कार्यालय में जमा करना होगा। इसी के आधार पर उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश मिलेगा। यदि किन्हीं कारणों से इनकी परीक्षा नहीं आयोजित करायी जाती है तो प्रथम वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर द्वितीय वर्ष में उत्तीर्ण कर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। वहीं, प्रोफेशनल और विधि पाठ्यक्रम के लिए द्वितीय, चतुर्थ, छठे और आठवें सेमेस्टर के छात्रों को आकलन स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्रों की तरह ही किया जाएगा।



