मंत्री ऑफिस के तीन स्टाफ कोरोना पाजिटिव
एक दिन में मिले कोरोना संक्रमण के 276 नए मामले
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। शनिवार को सूबे के एक कैबिनेट मंत्री के ऑफिस में कार्यरत तीन कर्मचारियों समेत 276 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें 89 की रिपोर्ट आरटीपीसीआर जांच से, 175 की रिपोर्ट एंटीजेन टेस्ट से एवं 12 की रिपोर्ट ट्रूनॉट टेस्ट से पॉजिटिव आई है। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या सात हजार के करीब पहुंच गई है। संक्रमित मिले नए मामलों में से ज्यादातर ने होम आइसोलेशन की मांग की है।
पॉजिटिव आने वालों में सैदाबाद सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर, जसरा स्थित इंटर कॉलेज के शिक्षक, इफको फूलपुर के एक कर्मचारी, ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल, एएमए ब्लड बैंक के स्टॉफ, पीएसी हॉस्पिटल के फार्मासिस्ट, नैनी स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट, लोक निर्माण विभाग के जूनियर कलर्क, फूलपुर तहसील के एक अमीन, सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक व काल्विन हॉस्पिटल के एक फार्मासिस्ट भी शामिल है। कोविड 19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि 62 लोग विभिन्न अस्पतलों से डिस्चार्ज हुए। इसके अलावा 156 लोग होम आइसोलेशन में स्वस्थ हुए।
इनसेट….
चार कोरोना संक्रमित मरीजों ने तोड़ा दम
प्रयागराज। शनिवार को दो महिला समेत चार कोरोना संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। इस तरह जिले में कोरोना से अब तक हुई मौतों का आंकड़ा 114 तक पहुंच गया है। एसआरएन अस्पताल के कोरोना नोडल डॉ. सुजीत वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमित धूमनगंज की 17 वर्षीय किशोरी जो पहले से कैंसर से पीडि़त थी ने शनिवार को साढ़े चार बजे दम तोड़ दिया। उधर, कटघर निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग की एसआरएन में सुबह सात बजे उसकी मौत हो गई। कोतवाली के रहने वाली 60 वर्षीय महिला ने भी शनिवार की सुबह नौ बजे दम तोड़ दिया। पूरामुफ्ती के रहने वाले 56 वर्षीय व्यक्ति की भी एसआरएन में मौत हो गई। वहीं, प्रतापगढ़ के रहने वाले 65 वर्षीय एक बुजुर्ग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। हालत गंभीर होने पर 20 अगस्त को उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती किया गया था। दिन में साढ़े 12 बजे बुजुर्ग की मौत हो गई।



