पहले की तरह होने लगी साप्ताहिक बंदी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना काल में व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस महामारी को रोकने के लिए पूर्व में वीकेंड लॉकडाउन यानी शनिवार और रविवार को बाजार बंद रखने का आदेश दिया गया था। बाद में थोड़ा नरमी बरतते हुए सिर्फ रविवार को ही बंदी की घोषणा की गई। अब इसे भी हटा लिया गया है। प्रयागराज के लोग सप्ताह में सातों दिन खरीदारी कर सकेंगे। शहर के बाजार की साप्ताहिक बंदी का शेड्यूल फिर से बदल गया है। पुराने पैटर्न पर बाजार फिर से अलग-अलग दिन बंद रहेंगे। चौक, सिविल लाइंस, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम में रविवार को, कोठापारचा, रोशनबाग, खुल्दाबाद में सोमवार को, तेलियरगंज, कटरा, अल्लापुर, दारागंज, सोहबतियाबाग में मंगलवार को और सुलेमसराय से लेकर बमरौली तक बाजार बुधवार को बंद रहेंगे।
शहरियों की सुविधाओं के अनुसार पूर्व में व्यापारिक संगठनों की ओर से व्यवस्था लागू की गई थी कि बाजार की साप्ताहिक बंदी का दिन अलग-अलग रखा जाए। उसके हिसाब से सप्ताह में बाजार बंद होते थे। कोरोना महामारी ने साप्ताहिक बंदी का शेड्यूल भी गड़बड़ा दिया था। प्रदेश सरकार की ओर से साप्ताहिक बंदी शनिवार और रविवार घोषित कर दिए जाने से शहर के सभी बाजार यही दो दिन बंद रहते थे। हालांकि साप्ताहिक लॉकडाउन खत्म करने के साथ ही हाल में सरकार ने रविवार को भी दुकानें खोलने की छूट दी तो व्यापारिक संगठनों ने बाजार की साप्ताहिक बंदी की पूर्ववत व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया।




