यूपी बोर्ड: कम्पार्टमेंट परीक्षा का प्रवेश पत्र अपलोड

10वीं व 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 29 व 30 सितंबर को
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट 2020 परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिया है। परीक्षार्थी वेबसाइट से इसे डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा तीन अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर होगी। लिखित परीक्षा के लिए केंद्र भी तय किए जा चुके हैं, जबकि सभी जिलों में 29 व 30 सितंबर को हाईस्कूल व इंटर के उन परीक्षार्थियों की आंतरिक व प्रायोगिक परीक्षाएं होंगी, जिन्होंने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि संबंधित छात्र-छात्राएं अपने पंजीकृत कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से संपर्क कर लें, वेबसाइट से डाउनलोड प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर से ही जारी होगा। वहीं, हाईस्कूल इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा का आंतरिक मूल्यांकन 29 व 30 सितंबर को होगा। यह मूल्यांकन भी प्रधानाचार्य करेंगे।
बता दें कि यूपी बोर्ड ने 27 जून को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 का घोषित किया था। परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने वाले कुल 33,344 परीक्षार्थियों ने कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन किया था। कुल 33,344 छात्र-छात्राओं के आवेदन में हाई स्कूल के लिए 15,839 और इंटरमीडिएट के लिए 17,505 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा 2020 में अनुत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों की कंपार्टमेंट परीक्षा तीन अक्टूबर को होगी। इम्तिहान दो पालियों में जिला मुख्यालयों पर राजकीय इंटर कालेजों में होगा। इससे पहले प्रायोगिक परीक्षा 29 व 30 सितंबर को होगी।



