बीसीआई ने मदद को बढ़ाया हाथ, कोरोना पीडि़त 219 वकीलों को आर्थिक मदद

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना काल में अदालती कामकाज बाधित होने से एक ओर जहां वकीलों की आमदनी प्रभावित हुई वहीं बड़ी संख्या में वकील कोरोना वायरस की चपेट में आने लगे। ऐसे वकीलों की मद के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने हाथ बढ़ाया है। बीसीआई की रूल 40 समिति ने कोरोना पीडि़त 219 वकीलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता प्रदान की है।
बीसीआई के सदस्य व समिति के पदेन अध्यक्ष श्रीनाथ त्रिपाठी ने बताया कि समिति के समक्ष कुल 394 आवेदन आए। इनमें से 160 वकीलों को पहले ही सहायता दी गई थी। अब 59 वकीलों को सहायता राशि स्वीकृत की गई है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि रूल 40 समिति की बैठक में सदस्य अजय यादव व अखिलेश कुमार अवस्थी के अलावा यूपी बार कौंसिल के अध्यक्ष जानकी शरण पांडेय भी उपस्थित रहे। श्रीनाथ त्रिपाठी ने बताया कि अन्य 175 पत्रावलियों पर जानकारी मांगी गई है। बार कौंसिल के निर्णय के तहत समिति कोरोना पीडि़त वकीलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है।



