धान की खरीद को बने 50 क्रय केन्द्र

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। किसानों की फसल लगभग तैयार हो चुकी है। अगले माह से धान की कटाई शुरु हो जाएगी। पहली नवंबर से धान की खरीद भी होने लगेगी। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
खरीद के लिए जिले भर में 50 क्रय केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है, लेकिन आने वाले दिनों में कुछ केंद्र और बढ़ाए जा सकते हैं। धान का अधिकतम दाम भी शासन ने 1868 रुपये निर्धारित कर दिया है।
कोरोना संकट के बीच किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए वित्तीय वर्ष 2020-21 में धान खरीद की तैयारियों में विभाग जुट गया है। धान खरीद के लिए अब तक कुल 50 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
लेकिन इस लिस्ट में अब तक यूपी एग्रो और कर्मचारी कल्याण निगम केंद्र शामिल नहीं है। प्रदेश सरकार से इनकी स्वीकृति मिलते ही केंद्र और बढ़ा दिए जाएंगे। बढ़े केंद्रों की घोषणा 15 अक्टूबर तक कर दी जाएगी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि धान बेचने वाले किसान पहले अपना पंजीकरण करा लें। वह किसी भी जनसेवा केंद्र पर खतौनी, बैंक पासबुक, मोबाइल और आधार कार्ड के जरिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि खरीद में होने वाली गड़बड़ी और बिचौलियों के दखल को देखते हुए ऐसा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि धान खरीद कार्य पहली नवंबर से 28 फरवरी 2021 तक होगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने धान क्रय केंद्र पर सभी जरूरी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को कोई दिक्कत नहीं हो।

