तीन सौ ट्रेनें करेंगी आपकी राह आसान
त्योहार के मौसम में उमरे की विशेष तैयारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सर्दी के मौसम व त्योहारों के मद्देनजर उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) से तीन सौ यात्री ट्रेनें संचालित हो रही है। ट्रेन और उनमें कन्फर्म सीट उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 73 जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेन सहित कुल 227 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें उमरे के विभिन्न स्टेशनों से गुजर रही हैं। इन ट्रेनों की समयपालनता के साथ ही रेल द्वारा कई अन्य सुरक्षा और यात्री सुविधा के उपाय भी किए गए हैं।
उमरे के तीनों मंडल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी यात्री आरक्षण केंद्रों में आरक्षण काउंटरों के बाहर खिड़कियों के पास वाणिज्यिक कर्मचारी तैनात किए जाएं। आरक्षण क्लर्क को जमा करने से पहले ये कर्मचारी यात्री द्वारा फॉर्म में भरी जानकारी विशेष तौर पर पते को सुनिश्चित करने के बाद उस पर काउंट हस्ताक्षर करेंगे। ये कर्मचारी रविवार और छुट्टियों सहित सभी दिनों में सुबह 07:30 बजे से 11:30 बजे के बीच पीआरएस काउंटरों पर उपलब्ध रहेंगे। मंडलों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है कि, जहां भी आवश्यक हो वहां अतिरिक्त आरक्षण काउंटर संचालित किए जाएं।
विशेष ट्रेनों के संचालन और विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की जानकारी के संबंध में बार-बार उदघोषणाएं भी की जा रही हैं ताकि ट्रेनों की पूरी ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित हो सके और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम हो सके। स्टेशनों पर उचित सफाई व्यवस्था के साथ पर्याप्त पेयजल सुविधा, वेटिंग हॉल, कमरों के उचित रखरखाव हेतु पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती इसके अलावा उपयुक्त साइनेज आदि भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए, पर्याप्त संख्या में व्हील चेयरों की कार्यशील स्थिति में उपलब्धता और दिव्यांगजन के लिए अन्य निर्दिष्ट सुविधाओं पर भी मॉनिटरिंग की जा रही है।



