अबकी एक स्थान पर 170 बीघा जमीन मांगी – महंत सीताराम दास

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला क्षेत्र में कुछ दिनों बाद जमीन का वितरण होगा। उसके पहले संत-महात्माओं के संगठन अपनी-अपनी मांग उठाने लगे हैं। खाकचौक व्यवस्था समिति ने मेला प्रशासन से अबकी एक स्थान पर 170 बीघा जमीन मांगी है। पिछले वर्ष 2019 में महात्माओं के बीच धार्मिक संस्थाओं का शिविर लगवाया गया था। अबकी ऐसा न होने पाए, उसके लिए समिति ने प्रशासन को अपनी मांग से अवगत करा दिया है। इसके बावजूद संस्थाओं को जमीन मिली तो समिति उसका पुरजोर विरोध करेगी।
खाकचौक व्यवस्था समिति के अध्यक्ष महंत सीताराम दास का कहना है कि खाकचौक नगर मेला क्षेत्र में त्रिवेणी मार्ग से संगम लोअर मार्ग तक बसाया जाता है। इसमें 160 से अधिक महात्माओं का शिविर लगता है। लेकिन, पिछले साल प्रशासन ने महात्माओं के बीच धार्मिक संस्थाओं का शिविर लगवा दिया था। इससे खाकचौक के महात्माओं को दूसरी शिविर लगाने को मजबूर होना पड़ा था। इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए, उसे प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी गई है। वरिष्ठ संत स्वामी रामतीर्थ दास ने प्रशासन से खाकचौक नगर में बिजली, पानी, चकर्डप्लेट व शौचालय के साथ ही कोरोना संक्रमण के मद्देनजर चिकित्सकीय जांच का बेहतर प्रबंध करने की मांग की है। कहा कि प्रशासन अभी से उसकी तैयारी करके अपने काम का ब्योरा प्रस्तुत करे।



