Latest

नियमानुसार सुरक्षा पर निर्णय ले पुलिस

 

अपराधी से जान से खतरा पर हाईकोर्ट का निर्देश

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हाईकोर्ट ने अल्लापुर निवासी मनोज तिवारी को पुलिस सुरक्षा देने पर नियमानुसार निर्णय लेने का निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति अंजनी कुमार मिश्र एवं न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की खंडपीठ ने याची के अधिवक्ता सुनील चौधरी को सुनकर दिया है। मनोज तिवारी ने बच्चा पासी गैंग से अपनी जान को खतरा बताते हुए याचिका दाखिल कर सुरक्षा दिलाने की मांग की।
याची का कहना था कि अल्लापुर में गत वर्ष हुए सचिन सोनकर हत्याकांड में बच्चा पासी गैंग पर हत्या करने का आरोप है। सचिन सोनकर ने याची को इस बारे में बताया था कि बच्चा पासी गैंग उसकी हत्या की योजना बना रहा है। अधिवक्ता सुनील चौधरी का कहना था कि याची पर फायरिंग की गई थी लेकिन वह बच गया था। याची ने जार्जटाउन थाने में हत्या के प्रयास की प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। साथ ही तत्कालीन एसएसपी के मौखिक निर्देश पर अगस्त 2019 में याची को एक गनर दिया गया था, जिसे मार्च 2020 में वापस ले लिया गया। हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि जिला स्तरीय सुरक्षा समिति याची के प्रत्यावेदन पर चार सप्ताह में निर्णय ले।

Related Articles

Back to top button