मुंडेरा मंडी के कूड़े से बनेगा बायो फर्टिलाइजर, पायलट प्रोजेक्ट के तहत लगेगा बायो कंपोस्ट प्लांट
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मुंडेरा मंडी से निकलने वाला कूड़ा अब बेकार नहीं जाएगा बल्कि इससे उर्वरक तैयार किया जाएगा। इसके लिए मुंडेरा में ही बायो कंपोस्ट प्लांट लगाया जाएगा।
नगर निगम पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसकी शुरुआत कर रहा है। प्लांट के सकारात्मक परिणाम आने के बाद अन्य छोटी मंडियों के पास भी ऐसे प्लांट लगाए जाएंगे। विदित हो कि अकेले मुंडेरा मंडी से रोजाना औसतन तीन टन गीला कूड़ा निकलता है।
ऐसे संस्थाएं जहां रोजाना करीब सौ किलो से ज्यादा गीला कूड़ा निकलता है उन्हें स्वयं इससे खाद बनाने के लिए छोटा प्लांट लगाना चाहिए। नगर निगम ने इसके लिए गाइड लाइन भी जारी की है। हालांकि इसका पालन लोग नहीं करते हैं।
मंडियों से निकलने वाला कूड़े का भी कोई उपयोग नहीं हो पाता है। नगर निगम ने अब शहर में मंडियों के पास समेत अन्य छोटे स्थानों पर बायो कंपोस्ट प्लांट बनाने की योजना बनाई है। संस्थाओं को कूड़ा इधर फेंकने के बजाए उसे प्लांट को देना होगा।
प्लांट के लोग रोजाना बड़ी संस्थाओं से कूड़ा ले उठाएंगे और इसके बदले में यूजर्स चार्ज वसूल करेंगे।
इस कूड़े से प्लांट में खाद बनाई जाएगी और नगर निगम उसे अपने उद्यानों के काम में इस्तेमाल करेगा। ज्यादा उत्पादन होने की स्थिति में उसकी बिक्री भी की जा सकेगी।
पर्यावरण अभियंता उत्तम वर्मा का कहना है कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत मुंडेरा मंडी में बायो कंपोस्ट प्लांट लगाया जा रहा है। बाद में शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसे प्लांट लगाए जाने की योजना है।




