धार्मिक स्थलों की होगी विशेष निगरानी, माघ मेले के लिए तैयार हो रही गाइड लाइन

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेले के लिए जिला प्रशासन जहां गाइड लाइन तैयार कर रहा है वहीं शहर के दूसरे धार्मिक स्थलों के लिए भी गाइड लाइन तैयार की जा रही है। ऐसे धार्मिक स्थल जहां पर अत्यधिक भीड़ उमडऩे की उम्मीद है, वहां पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिससे महामारी के प्रसार को रोका जा सके।
जिला व मेला प्रशासन जनवरी में लगने वाले माघ मेले में कोरोना जैसी महामारी न फैले इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी कर रहा है। अलोपशंकरी, भगवान वेणी माधव मंदिर, बंधवा बड़े हनुमान मंदिर और मनकामेश्वर मंदिर में विशेषतौर पर आने वाले श्रद्धालु जाते हैं। ऐसे में यहां पर एक समय में अत्याधिक भीड़ न जुट सके इसका ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है।
सभी मंदिरों में एक समय में कुछ ही श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति होगी। जिससे भीड़ एक समय में न जुट सके। लोगों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन की ही होगी। मंदिरों के बाहर लगातार एनाउंसमेंट किया जाएगा। जिससे लोगों में लगातार जागरूकता रहे। इसके लिए मंदिरों के आसपास टीमें रहेंगी। ये टीमें भी लोगों को जागरूक करेंगी।




