एम-वाहन ऐप से होगा वाहनों का फिटनेस टेस्ट

एआरटीओ व संभागीय निरीक्षकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। परिवहन विभाग अपने कामकाज में पारदर्शिता ला रहा है। इसी क्रम में वाहनों के फिटनेस की व्यवस्था में जनवरी के पहले सप्ताह से बदलाव किया जाएगा। प्रयागराज समेत सभी 19 संभागीय मुख्यालय वाले जनपदों के आरटीओ कार्यालय परिसर के 500 मीटर के दायरे में एम-वाहन ऐप के माध्यम से वाहनों का फिटनेस टेस्ट किया जाएगा। इसके तहत वाहन लाना अनिवार्य है। छह अलग-अलग एंगल से (आगे, पीछे, बाएं, दाएं, डैश बोर्ड व चेचिस आदि) फोटो खींचकर अपलोड किया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग लखनऊ से की जाएगी।
अपर परिवहन आयुक्त राजस्व अरविन्द कुमार पांडेय ने 28 दिसंबर को पत्र जारी कर सभी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) को बताया कि अब एम-वाहन ऐप से वाहनों का फिटनेस किया जाना है। पहले चरण में बाराबंकी में इस ऐप से वाहनों का फिटनेस कार्य पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 17 दिसंबर से किया जा रहा है। दूसरे चरण में प्रयागराज समेत लखनऊ, अयोध्या, देवीपाटन, बस्ती, कानपुर, चित्रकूटधाम, बरेली, मुरादाबाद, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, मीरजापुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ व झांसी में एम-वाहन ऐप से फिटनेस का काम किया जाना है। इसके लिए प्रयागराज में 30 दिसंबर को एनआईसी की तकनीकी टीम ने एआरटीओ (प्रशासन) व संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) को दो घंटे ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया। एआरटीओ (प्रशासन) सियाराम वर्मा ने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में यह व्यवस्था लागू की जा सकती है।




