माघ मेला ड्यूटी पर आए पांच होमगार्ड कोरोना संक्रमित मिले
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनपद में कोरोना संक्रमण का ग्राफ नीचे आ रहा है। शुक्रवार को कोरोना के 39 नए संक्रमित मिले हैं जबकि एक मरीज की मौत भी हुई। कोरोना वायरस की चपेट में आरएएफ फाफामऊ के कई जवान, माघ मेला पुलिस लाइन में ड्यूटी पर आए पांच होमगार्ड भी आ गए हैं। वहीं 74 लोग पूरी तरह से स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिए गए। जिले में कोरोना के अब केवल 507 एक्टिव केस ही रह गए हैं।
कोरोना के 39 नए संक्रमित केस, एक मरीज की मौत
सीएमओ कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार शुक्रवार को कोविड अस्पतालों से 10 और होम आइसोलेशन से 64 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
अब तक 27537 लोग पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 28421 मरीज कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। अब तक जिले में 377 लोगों की कोरोना से जान चली गई है। कालिंदीपुरम के कोविड केयर सेंटर में सात मरीजों का इलाज चल रहा है। यह अस्पताल केवल माघ मेला क्षेत्र में आने वालों में संक्रमण के लिहाज से ही बनाया गया है।



