श्रद्धालुओं की सेहत का भी ध्यान रख रहा ओम वाहिगुरु ऋषि आश्रम

बीमार श्रद्धालुओं को दी जा रही मुफ्त दवा और जांच की सुविधा
(अनुराग शुक्ला/आनंत पांडे)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला क्षेत्र में एक ओर जहां भक्ति की रस धारा बह रही है और अनेकों धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं वहीं पुण्य अर्जन के कार्य भी बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। अनेकों धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं इस कार्य में लगी हैं। ऐसा ही एक बड़ा कार्य माघ मेला क्षेत्र स्थित ओम वाहिगुरु ऋषि आश्रम अन्नक्षेत्र में चल रहा है। यहाँ जन सेवा के कार्य बड़े ही श्रद्धाभाव से चल रहे हैं। आश्रम में भंडारे के साथ-साथ मेले में आए श्रद्धालुओं की सेहत का ध्यान रखने के लिए डिस्पेंसरी भी चलाई जा रही है, जहाँ से श्रद्धालुओं की छोटी-मोटी बीमारियों के लिए कुशल चिकित्सकों की देखरेख में मुफ्त दवाइयां दी जाती हैं। जरूरी होने पर आश्रम खुद के खर्चे पर बीमार श्रद्धालुओं की शहर के निजी अस्पतालों में जांच भी कराता है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मरीजों को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत ज्यादा खराब है तो उसे सरकारी अस्पतालों में भेजा जाता है। इस आशय की जानकारी देते हुए आश्रम के श्रीमहंत स्वामी सत्यानंद सरस्वती ‘सत्यम’ जी महाराज ने बताया कि उनके यहां श्रद्धालुओं को दवाइयों के साथ चश्मा भी प्रदान किया जाता है। इसके लिए श्रद्धालु को आंख की जांच कराकर चश्मे का नंबर लाना होता है। शिविर से प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवा और चश्मा उपलब्ध कराया जा रहा है।




