इविवि में एनटीए के जरिए होगा प्रवेश , यूजीसी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय को लिखा पत्र

(अनुराग शुक्ला)प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद/विश्वविद्यालय (इविवि) एवं इससे संबद्ध कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र 2021-22 में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के जरिए प्रवेश होगा। इसके लिए यूजीसी ने विश्वविद्यालय को पत्र लिखा था। इसके साथ विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में संचालित होने वाले पाठ्यक्रमों की जानकारी मांगी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक, परास्नातक, विधि एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों और उनकी सीटों आदि की जानकारी यूजीसी को भेज दी है। हलांकि अभी एनटीए की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वह किन-किन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा कराएगी।
इविवि एवं संबद्ध कॉलेजों में दाखिले के लिए अब तक इविवि प्रशासन प्रवेश परीक्षा कराता था। इसके लिए रसायन विज्ञान विभाग के प्रो.आईआर सिद्दीकी को प्रवेश प्रकोष्ठ का निदेशक नियुक्त किया गया है। यूजीसी ने रजिस्ट्रार को एनटीए के जरिए प्रवेश प्रक्रिया का प्रस्ताव भेज दिया। प्रवेश परीक्षा के निदेशक प्रो. सिद्दीकी ने बताया कि कुलपति से जल्द इस मसले पर वार्ता के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। अभी यह तय नहीं हो सका है कि एनटीए यूजी, पीजी, प्रोफेशनल और विधि के किन-किन पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा कराएगी। किन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा कराएगा। प्रो. सिद्दीकी ने बताया कि एनटीए की ओर से स्पष्ट जानकारी मिलते ही जल्द इविवि प्रशासन प्रवेश संबंधी कैलेंडर जारी कर देगा।



