इविवि: प्रवेश के लिए जल्द तय होगा कंपनी का नाम

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नए सत्र में दाखिला करने वाली कंपनी का नाम बुधवार को तय हो सकता है। इसके बाद इस महीने के अंत तक दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। प्रवेश प्रक्रिया के लिए विश्वविद्यालय ने तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए सोमवार को टेंडर खोला गया। कंपनी का चयन होते ही प्रवेश के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी ने बताया कि टेंडर के लिए चार कंपनियों ने आवेदन किया था। बुधवार को प्रवेश परीक्षा कराने वाली कंपनी का नाम तय हो जाएगा। इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि महीने के अंत से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। विदित हो कि पिछले सालों की तुलना में शैक्षिक सत्र 2021-22 की प्रवेश प्रक्रिया काफी पीछे चल रही है। इसी वजह से सत्र भी तेजी से पिछड़ रहा है। इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को सभी विश्वविद्यालयों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन कोविड के कारण एनटीए परीक्षा के आयोजन को लेकर काफी समय तक कोई निर्णय नहीं ले सका। विश्वविद्यालय प्रशासन के पास कोई रास्ता नहीं था। उसे एनटीए से जवाब मिलने का इंतजार था। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ी रही। नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आने के बाद निर्णय लिया गया कि सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय पूर्व की भांति अपने स्तर से प्रवेश परीक्षा करा लें। इस बीच इविवि प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। शिक्षा मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद तय हो गया कि सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा विश्वविद्यालय अपने स्तर से कराएगा।


