बारिश के चलते पारा लुढ़क गया मौसम खुशनुमा होने से लोगों को गर्मी से मिली राहत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सोमवार से शुरू हुई बारिश बुधवार तक जारी रही। इसके चलते पारा लुढ़क गया। मौसम खुशनुमा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज और कल का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार रात आठ बजे तक 10.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। संभावना यह भी जताई जा रही है कि अगले हफ्ते बंगाल की खाड़ी से भी चक्रवात आ सकता है। गुरुवार तक बारिश होने की भी उम्मीद है। सोमवार को जहां तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, मंगलवार को घटकर 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री से बढ़कर 24.0 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आसमान में दिन भर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं कल यानी 20 मई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भूगोल विभाग के प्रो. एचएन मिश्रा ने बताया कि टाक्टे की वजह से मौसम ठंडा रहेगा। बूंदाबांदी भी हो सकती है। पश्चिमी तटवर्ती क्षेत्र में तूफान होने की वजह से उत्तर भारत में इसका प्रभाव कम रहेगा। बताया कि अगले हफ्ते बंगाल की खाड़ी से चक्रवात उठने की संभावना है, जो उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। इस बार मानसून जल्दी आने की संभावना है।



