इफको के इकाई प्रमुख समेत 11 निलंबित, चार माह में दो बड़े हादसों पर शीर्ष प्रबंधन सख्त

(अनुराग शुक्ला) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इफको फूलपुर संयंत्र में चार महीनों में दो हादसे हुए। इसे संज्ञान में लेते हुए इफको शीर्ष प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई की है। शीर्ष प्रबंधन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए फूलपुर इकाई प्रमुख व अन्य 10 कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
देश के बड़े उर्वरक संस्थानों में इफको की फूलपुर इकाई में चार महीनों में दो बड़े हादसे।
सभी को जांच कार्रवाई की अवधि तक संस्थान न छोड़ने के आदेश भी दिए गए हैं।इफको फूलपुर इकाई में दो हादसों में पांच मौतें व कई जख्मी थे। देश के बड़े उर्वरक संस्थानों में एक इफको की फूलपुर इकाई में चार महीनों में दो बड़े हादसे हुए हैं। पहला हादसा अमोनिया गैस रिसाव का 22 दिसंबर 2020 काे हुआ था। वहीं दूसरा हादसा 23 मार्च 2021 को ब्वायलर फटने से हुआ था। इसमें अमोनिया गैस रिसाव में दो अधिकारियों की मौत हो गई थी और 18 कर्मी घायल हो गए थे। वहीं ब्वायलर फटने से तीन कैजुअल श्रमिकों की मौत हुई थी और 15 कर्मचारी घायल हुए थे।
दोनों मामलों की कमेटी कर रही थी जांच
दोनों प्रकरणों की बाह्य व आंतरिक कमेटियां जांच कर रही थीं। मामलों पर गंभीर हुए शीर्ष प्रबंधन ने मंगलवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए इकाई प्रमुख सहित 11 को निलंबित कर दिया है। प्रबंध निदेशक डाॅ. उदय शंकर अवस्थी ने इकाई प्रमुख व कार्यकारी निदेशक एमएम अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए व महाप्रबंधक कार्मिक व प्रशासन संजय कुदेसिया को इकाई का कार्यभार देने के आदेश जारी किए हैं।




