कोरोना के कारण इविवि 21 तक बंद टाल दी गईं सेमेस्टर समेत सभी परीक्षाएं

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना की दूसरी लहर में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों को 21 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। इविवि में बीते दिनों में शिक्षक समेत 40 कर्मचारी संक्रमित पाए गए। इसके अलावा दो लोगों की मौत हो चुकी है। इसके चलते इविवि प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। 10 अप्रैल से होने वाली विषय सेमेस्टर समेत सभी परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने अपील की है कि महामारी के दौर में सभी लोग घर पर रहें और सुरक्षित रहें।
पीआरओ डॉ. जया कपूर ने बताया कि बैठक में अन्य कई अहम निर्णय भी लिए गए। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल तक इविवि समेत कॉलेज पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन मोड में चल रहीं सभी परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। परीक्षा की नई तिथि जल्द परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी की जाएगी। इसकी सूचना इविवि की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा मीडिया के माध्यम से दी जाएगी। शिक्षक इस अवधि में घर से ऑनलाइन कक्षाएं लेंगे।
हॉस्टलों में रहने वाले सभी छात्र-छात्राओं से कहा गया है कि वह जल्द हॉस्टल खाली कर घर चले जाएं। यदि हॉस्टल में कोई रहता है तो इविवि प्रशासन की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। सभी कर्मचारियों से वैक्सीन लगवाने के बाद वैक्सीन सर्टिफिकेट रजिस्ट्रार को ई-मेल से भेजने की अपील की गई है। पीआरओ ने बताया कि 12 अप्रैल को प्रस्तावित कला संकाय की फैकल्टी बोर्ड की बैठक भी टाल दी गई। अब विश्वविद्यालय खुलने के बाद बैठक की नई तिथि जारी की जाएगी।



