रमजान के दौरान मस्जिदों में मास्क न पहनने वालों को मास्क देंगे और सोशल डिस्टेंसिंग बनवाएंगे

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। रमाजान मुबारक की आमद चांद की दस्तक के साथ हो जाएगी। पिछले वर्ष रमजान में लॉकडाउन लगा था और इस साल भी कोरोना का असर बढ़ रहा है। ऐसे में रमजान में इफ्तार और तरावीह के वक्त सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और गाइडलाइन के अन्य नियमों का पालन करने की तैयारी की गई है। इसके लिए शहर के युवा अलग-अलग मोहल्लों से आगे आएं हैं। करेली, दरियाबाद, चकिया, करेलाबाग में रहने वाले युवाओं ने तय किया है कि वह रमजान के दौरान अपने मोहल्लों की मस्जिदों में मास्क न पहनने वालों को मास्क देंगे और सोशल डिस्टेंसिंग बनवाएंगे। करेली के अवैस सिद्दीकी और अब्दुल रहमान ने कहा कि रमजान मुबारक इबादत का महीना है और हम सबकी सामाजिक जिम्मेदारी है कि कोरोना के लिए बनाई गई गाइडलाइन का पालन करें। इसके लिए हमारे साथ क्षेत्र के ही मेहरबान खान, इकबाल अहमद व अन्य भी सभी को जागरूक करेंगे। चकिया से छात्र फैज हाशमी, काशिफ, तालिब एवं हुजैफा रमजान के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए सक्रिय रहेंगे। वहीं, दरियाबाद में गुलाम रब्बानी, मो. सुब्हानी, कसारी मसारी क्षेत्र के नईमुल हुदा एवं शीबू अहमद का कहना है कि संक्रमण को देखते हुए हर किसी को अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इसीलिए हम रमजान के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करने और कराने के लिए सभी को जागरूक कर रहे हैं।




