Latest

इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश कोरोना पॉजिटिव , कुछ दिन पहले करवाया था कोरोना वैक्सीनेशन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कोरोना वैक्सीन लगने के बाद भी कई लोग पॉजिटिव निकल रहे हैं। शनिवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने कुछ दिन पहले ही मेडिकल कॉलेज परिसर में कोरोना का टीका लगवाया था। मुख्य न्यायाधीश को होम आईसोलेशन किया गया है। कोविड के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने चीफ जस्टिस के पॉजिटिव होने की जानकारी दी। आपको बता दें कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना के जारी आंकड़ों ने अभी तक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को 12 हजार से अधिक नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 48 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। यह आंकड़ा अब तक सर्वाधिक बताया जा रहा है।

महामारी का प्रसार, दूसरे नंबर पर आया प्रयागराज

कोरोना ने तेजी से प्रयागराज में पांव पसार दिए हैं। पिछले वर्ष संक्रमण काल में और दूसरी लहर के बाद जो प्रयागराज अब तक प्रदेश में तीसरे नंबर पर था वो इस बार प्रसार की शुरुआत में ही दूसरे नंबर पर आ गया है। प्रयागराज से आगे अब केवल लखनऊ है। कानपुर जो लगातार दूसरे नंबर पर था वह अब तीसरे नंबर पर है। आंकड़े सिर्फ प्रयागराज के लोगों और प्रशासनिक लापरवाही का सच बयां कर रहे हैं। शुक्रवार को लखनऊ में पिछले 24 घंटों में 2368 केस मिले थे और पहले स्थान पर था, कानपुर में 368 केस मिले थे और दूसरे स्थान पर था। प्रयागराज में इस अवधि में 1040 केस मिले थे और तीसरे स्थान पर था। वहीं, शनिवार शाम के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में लखनऊ में 4059 केस मिले और वह पहले स्थान पर है। प्रयागराज में बीते 24 घंटों के दौरान 1460 केस मिले और जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर आ गया है। वहीं कानपुर 706 केस के साथ तीसरे स्थान पर है। कुल सक्रिय केसों की बात की जाए तो लखनऊ में 16690 केस हैं, जबकि प्रयागराज में 6902 और कानपुर में 3080 केस हैं। प्रयागराज में जान गंवाने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है।

प्रयागराज को मिली 80 हजार वैक्सीन डोज

कोरोना से बचाव की वैक्सीन की कमी दूर करने के लिए शासन ने प्रयागराज को वैक्सीन की आपूर्ति की है। कोविशील्ड की 80 हजार वैक्सीन डोज दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस के जवान वैक्सीन लेकर शनिवार रात वाराणसी से पहुंचे। नीले रंग के डिब्बे में वैक्सीन की डोज रखी गई है। वैक्सीन के नोडल डॉ. तीरथलाल के अनुसार वैक्सीन की 80 हजार डोज मिली है। अब पहले की तरह जिले के 97 अस्पतालों में टीकाकरण किया जाएगा। वैक्सीन लेकर शाम सवा छह बजे स्वास्थ्यकर्मी वाराणसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुए।

Related Articles

Back to top button