इलाहाबाद उच्च न्यायालय में आरओ और एआरओ पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद उच्च न्यायालय आरओ, एआरओ भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा 2021 और सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा 2021 के लिए संयुक्त अधिसूचना जारी कर दी है। एजेंसी द्वारा जारी भर्ती अधिसूचना (सं. 01/RO And ARO/2021) के अनुसार, दोनो ही पदों की कुल 396 रिक्तियों के लिए इस बार भर्ती एनटीए द्वारा आयोजित की जाएगी, इनमें से समीक्षा अधिकारी (आरओ) की 46 रिक्तियां और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की 350 रिक्तियां हैं।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए ऑनलाइन आवेदन आज, 17 अगस्त 2021 से किये जा सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 16 सितंबर 2021 निर्धारित की गयी है। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को एनटीए के भर्ती पोर्टल, recruitment.nta.nic.in पर विजिट करना होगा और निर्धारित प्रक्रिया को पूरा करते हुए आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को 800 रुपये का शुल्क भी भरना होगा, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से कर पाएंगे। हालांकि, उत्तर प्रदेश के मूल निवास वाले एससी/एसटी कटेगरी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये ही है।




