कांग्रेस के गढ़ अमेठी में ‘भागवत कथा’ के जरिए बीजेपी का शक्ति परीक्षण
इलाहाबाद। कांग्रेस के गढ़ अमेठी में बीजेपी नेता एवं उद्योगपति राजेश मसाला की तरफ से सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है. माना जा रहा है कि भागवत कथा के माध्यम से बीजेपी अमेठी में विरोधियों को अपनी शक्ति का अहसास दिलाना चाहती है. गुरुवार को भागवत कथा के पहले दिन कलश यात्रा का आयोजन किया गया.
भागवत कथा का आयोजन राजेश मसाला फैक्ट्री परिसर में 19 अप्रैल से 27 अप्रैल तक होगा. कथा की मुख्य वक्ता साध्वी ऋतंभरा होगी. सप्ताह भर चलने वाले इस भागवत कथा में प्रदेश और केंद्र सरकार के कई मंत्रियों का जमावड़ा लगने वाला है. आने वाले मंत्रियों में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं.
गुरुवार को निकाली गई कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए थे. कलश यात्रा देवी पाटन मंदिर से निकलकर पूरे कस्बे के भ्रमण करने के बाद राजेश मसाला फैक्ट्री में समाप्त हुई. कलश यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे और आधा दर्जन थानों की पुलिस के अलावा पीएसी को भी तैनात किया था.
भागवत कथा के आयोजन को लेकर राजेश मसाला ने कहा कि कलश यात्रा के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बढ़ेगा. वहीं अमेठी नगर पंचायत की चेयरमैन और राजेश मसाला की पत्नी चन्द्रमा देवी ने कहा अमेठी के इतिहास में ऐसी यात्रा पहली बार निकाली गई है इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा.




