अस्पताल और ऑक्सीजन प्लांट की बिजली सप्लाई बाधित न हो।पॉवर कॉर्पोरेशन

(अनंत पांडे ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना के मरीजों का इलाज कर रहे सरकारी और प्राइवेट अस्पताल तथा ऑक्सीजन उत्पादन केंद्रों की बिजली गुल होने पर जवाबदेही तय कर दी गई है। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन दोनों केंद्रों की सप्लाई पर रिपोर्ट ले रहा है।
बिजली विभाग के मुख्यालय ने कोरोना अस्पताल और ऑक्सीजन उत्पादन केंद्रों की बिजली सप्लाई पर 24 घंटे निगरानी करने के लिए इंजीनियरों को कहा है। मुख्यालय से आए आदेश में कहा गया है कि अस्पताल और ऑक्सीजन प्लांट की लाइनों पर 24 घंटे निगरानी करें ताकि बिजली सप्लाई बाधित न हो। मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद अब मुख्य अभियंता खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। फतेहपुर में एक कोरोना अस्पताल में बिजली गुल होने की शिकायत मिली थी। मुख्य अभियंता ने शनिवार को फतेहपुर के सबस्टेशन और अस्पताल की लाइन का निरीक्षण कर इंजीनियरों को आवश्यक निर्देश दिए।


