पारिवारिक कलह से पूरे परिवार समेत जान देने के लिए नदी में छलांग लगाई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मंगलवार की शाम करीब चार बजे का वाकया है। नए यमुना पुल की रेलिंग पर चढ़कर रोहिणी नामक महिला अपनी तीन पुत्रियों रूपाली, श्रेया, मनाली और पुत्र अंश के साथ यमुना नदी में कूद गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा तो शोर मचाया।
गोताखोर द्वारा महिला और चारों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल
पुल से नीचे से जा रही नावों पर मौजूद नाविकों और दूसरे गोताखोरों ने देखा तो फौरन नदी में कूदकर महिला और बच्चों को बचाने का प्रयास करने लगे। कुछ ही पल में महिला और चारों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस बीच खबर पाकर कीडगंज थाने की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पानी में देर तक डूबने से महिला के पांच वर्षीय पुत्र की हालत नाजुक थी इसलिए उसे क्षेत्र के एक अस्पताल ले जाया गया है। महिला के बारे में बताया गया कि वह प्रयागराज से सटे मध्य प्रदेश के रीवा जनपद की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते उसने पूरे परिवार समेत जान देने के लिए नदी में छलांग लगाई थी। पुलिस का कहना है कि उसके परिवार के लोगों को खबर दी गई है। वह भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।




