महामारी से बचाव को पेरोल पर छोड़े गए 119 कैदी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रोकथाम के लिए प्रदेश की सरकार व न्यायालय लगातार कोविड-19 गाइडलाइन जारी कर रहा है। उसी क्रम में सेंट्रल जेल नैनी में बंद 119 सिद्धदोष व विचाराधीन बंदियों को एक समयावधि के लिए पेरोल पर रिहा किया गया है।
महामारी रोकने के लिए सर्वोच्च न्यायालय व शासन की ओर से सिद्धदोष बंदियों को 90 दिन व विचाराधीन बंदियों को 25 से 45 दिन के पेरोल पर रिहा करने का आदेश जारी हुआ था। जिसके बाद सेंट्रल जेल नैनी में निरुद्ध 104 अंडरट्रायल व 15 सिद्धदोष बंदियों को गुरुवार को रिहा किया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडेय ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुक्रम में गठित हाई पावर कमेटी की संस्तुति के बाद उक्त बंदियों को पेरोल पर छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि विचाराधीन बंदियों को न्यायालय के आदेश पर व सिद्धदोष बंदी को शासन के आदेश से रिहा किया जा रहा है। इसी क्रम में आदेश के अनुसार बंदियों को छोड़ा जाना है।




