साइबर शातिरों ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज के संपत्ति अधिकारी को 15 हजार का चूना लगाया

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। साइबर शातिरों ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के संपत्ति अधिकारी को 15 हजार का चूना लगा दिया। इस संबंध में फाफामऊ थाने में एफ आई आर दर्ज कराई गई है। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के संपत्ति अधिकारी डॉ अनिल कुमार सिंह भदौरिया के मोबाइल पर ₹15000 निकाले जाने का मैसेज प्राप्त हुआ। जिसको देखकर वह सन्न रह गए। डॉ भदौरिया ने बताया कि एटीएम कार्ड के बिना साइबर शातिरों ने उनके खाते से ₹15000 निकाल लिया। इसकी पुष्टि बैंक ऑफ बड़ौदा की मुक्त विश्वविद्यालय में स्थित शाखा के प्रबंधक ने भी की है कि साइबर शातिरों ने उनके खाते में सेंधमारी की है। डॉ.भदौरिया ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड उनके पास था तथा उन्होंने अपना पिन भी किसी के साथ साझा नहीं किया था। इसके बावजूद उनके खाते से ₹15000 निकल जाना एक गंभीर घटना है। उन्होंने इसकी सूचना एस पी क्राइम आशुतोष मिश्रा को दी। जिनके निर्देश पर फाफामऊ थाने पर एफ आई आर दर्ज की गई। एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि पुलिस तत्परता से साइबर शातिरों की धरपकड़ के लिए प्रयास कर रही है।
मुक्त विश्वविद्यालय में डॉ. भदौरिया के साथ यह कोई पहली घटना नहीं हुई है इसके पूर्व विश्वविद्यालय के कई कर्मचारियों को साइबर अपराधी हजारों रुपयों का चूना लगा चुके हैं। विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के सीयूजी नंबर पर आए दिन साइबर अपराधी बैंक की डिटेल मांगते रहते हैं। इसकी सूचना पूर्व में भी साइबर क्राइम सेल में दी जा चुकी है लेकिन अपराधी पकड़ से अभी भी दूर हैं।




