पदाधिकारियों को बाहर किया तो कांग्रेश पार्टी कार्यालय के बाहर हाथापाई शुरू हो गई

पुलिस पहुंची और मामला को शांत कराया
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पार्टी पदाधिकारियों में आपसी विवादों के चलते अक्सर सुर्खियों में रहने वाली कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को फिर एक बार नए विवादों से घिर गई। शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव इरशाद उल्ला और अल्पसंख्यक कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अरशद अली में गालीगलौच के बीच हाथापाई हो गई। यह वाकया उस वक्त हुआ जब पार्टी के शीर्ष स्तरीय नेता उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी से इस्तीफे और वैक्सीनेशन से पहले परीक्षाओं को रद करने की मांग कर रहे थे। कांग्रेस पार्टी की तरफ से सोमवार को वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया था। जीरो रोड स्थित पार्टी कार्यालय में इस बैठक में शामिल होने के लिए तमाम पदाधिकारी पहुंचे थे। यहां बैठक में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी के भाई डॉ. अरुण द्विवेदी की सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर पद नियुक्ति की चर्चा के साथ वैक्सीनेशन से पहले परीक्षाओं को रद करने की मांग की जा रही थी। इसी बीच आगे बैठने के लिए इरशाद और अरशद में विवाद हो गया। अचानक मामला बढ़ा और गालीगलौच शुरू हो गई। बैठक में दिल्ली और लखनऊ से शामिल तमाम नेता भी यह देख रहे थे। किसी तरह लोगों ने हस्तक्षेप करने के बाद दोनों पदाधिकारियों को बाहर किया तो पार्टी कार्यालय के बाहर हाथापाई शुरू हो गई। कुछ ही देर में पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया। इस मसले पर इरशाद ने बताया कि आगे बैठने के लिए हाथापाई हुई थी। इसकी शिकायत भी की गई है। हालांकि, अरशद ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।



