युवती से गैंगरेप मामला: फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की जांच

डाक्टरों से पूछताछ में नहीं निकला कोई नतीजा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एसआरएन अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में युवती से गैंगरेप का पूरा मामला अब फोरेंसिक जांच रिपोर्ट पर टिक गया है। पुलिस ने स्वॉब स्लाइड जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा है। उसी का इंतजार हो रहा है। डॉक्टरों और कर्मचारियों को पुलिस पहले ही क्लीन चिट दे चुकी है। ऐसे में उनसे पूछताछ में कुछ खास नतीजा नहीं निकलने वाला। दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न के मामलों में फोरेंसिक साक्ष्य ही अहम होता है। हालांकि पुलिस ने इसकी जांच कराने में काफी देर कर दी है।
पुलिस ने सोमवार को भी अस्पताल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस टीम ने कई कर्मचारियों से भी पूछताछ की। विवेचना अधिकारी ने अस्पताल प्रशासन से भी डाक्टरों के बारे में जानकारी जुटाई। एसआरएन में भर्ती मिर्जापुर की युवती से दुष्कर्म आरोप मामले में आखिरकार कार्रवाई आगे बढ़ी। पुलिस ने कथित घटना के वक्त ड्यूटी में मौजूद चिकित्सा स्टाफ का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस मुकदमा वादी से भी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व पीड़िता के कथित बयान संबंधित नोट की जानकारी ले रही है। डाक्टरों और कर्मचारियों की पूछताछ में कुछ खास नहीं निकला। डॉक्टरों ने वही बयान दिया जो उन्होंने अस्पताल प्रशासन को नोट कराया था। अब इस मामले में पुलिस फोरेंसिक साक्ष्य के आधार पर ही कार्रवाई कर सकेगी।




