Latest

प्रयागराज जंक्शन पर कांटेक्टलेस टिकट चेकिंग बोर्डिंग पास काउंटर पर लगा क्यूआर कोड स्कैनर

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु आधुनिकतम तकनीक का प्रयोग करते हुए रेलयात्रियों को विशेष सुविधा प्रदान करने के क्रम में प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन पर 18 जून से कांटेक्टलेस टिकट चेकिंग सुविधा शुरू की गई है। इसकेअंतर्गत प्रयागराज जंक्शन से यात्रा प्रारंभ करने वाले यात्रियों के टिकट की जांच हेतु 04 काउंटर बनाए गए हैं जिन पर टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा टू वे कम्युनिकेशन सिस्टम के माध्यम से सूचना का आदान-प्रदान किया जाता है तथा पीएनआर व क्यूआर कोड के माध्यम से टिकट की जांच एवं काउंटर पर कैमरे के माध्यम से यात्री की आईडी की जांच की जा रही है। थर्मल स्क्रीनिंग के पश्चात समस्त जानकारी उपयुक्त पाए जाने पर टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा यात्री को यात्रा हेतु बोर्डिंग पास जारी किया जाता है जिस पर यात्रा से संबंधित समस्त जानकारी अंकित होती है। अभी तक आईआरसीटीसी की वेबसाइट द्वारा जारी किये गए टिकटों पर यात्री को क्यूआर कोड प्राप्त होता था लेकिन मोबाइल एप द्वारा बनाये गए टिकटों पर यात्री को क्यूआर कोड प्राप्त नहीं होता था अब आईआरसीटीसी द्वारा मोबाइल एप से बनाये गए टिकटों पर यात्री को क्यूआर कोड भेजने की सुविधा प्रारंभ की गई है।
बोर्डिंग पास काउंटर की सुविधा में सुधार करते हुए काउंटर पर क्यूआर कोड स्कैनर लगा दिया गया है तथा बुजुर्ग एवं ऐसे यात्री जो अपने टिकट की जानकारी नहीं दे पाते थे ऐसे यात्रियों की सुविधा हेतु काउंटर पर एक स्कैनर लगा दिया गया है जिस पर यात्री अपना टिकट रख देगा और टिकट चेकिंग स्टाफ को यात्री के टिकट की जानकारी प्राप्त हो जाएगी। इस सुविधा से टिकट जांच अल्प अवधि में संभव हो सकेगा। इस व्यवस्था के लागू होने के पश्चात ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ का कार्य अत्यंत आसान हो गया है, इस व्यवस्था के तहत ट्रेन के टिकट चेकिंग स्टाफ को इस बात की जानकारी रहती कि कितने यात्रियों के टिकट चेकिंग का कार्य किया जा चुका है। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन से होकर आने एवं जाने वाली सभी गाडियों में यह सुविधा प्रारंभ की गई इसकी सफलता के पश्चात प्रयागराज मंडल के अंतर्गत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी यह सुविधा प्रदान प्रारंभ किये जाने की योजना है।
कान्टेक्टलेस टिकट चेकिंग सुविधा के अंतर्गत बोर्डिंग पास जारी किये जाने हेतु की गई समस्त तैयारियों का निरीक्षण 01 जुलाई को डीआरएम द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंशू पाण्डेय, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी, स्टेशन निदेशक अनुपम सक्सेना तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button