इविवि: कालेजों में अगले सत्र से नए पाठ्यक्रम लागू होंगे

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के संघटक कालेजों के पाठ्यक्रम में फिलहाल नए सत्र में कोई फेरबदल नहीं होगा। हालांकि, सत्र 2021-22 में पाठ्यक्रम में कई अहम बदलाव किए जाएंगे। इसके अलावा कई ऐसे विभागों को बंद किए जाने पर भी निर्णय लिया जा सकता है, जिनमें छात्र-छात्राओं की संख्या काफी कम है।
डीन कालेज एंड डेवलपमेंट प्रो. पंकज कुमार ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक और परास्नातक के पाठ्यक्रमों में आमूलचूल बदलाव किए जाने थे। इसे लेकर कला संकाय के डीन प्रोफेसर हेरंब चतुर्वेदी की अध्यक्षता में दो कमेटियों का गठन किया गया था। अब कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि कोरोना के चलते नए सत्र 2021-22 में कोई बदलाव किए जाना उचित नहीं होगा। क्योंकि इस बाद दाखिले की प्रक्रिया में भी लेटलतीफी हो रही है।
ऐसे में पाठ्यक्रम पूरा करके सत्र को पटरी पर लाना भी इलाहाबाद विश्वविद्यालय और कालेज प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी। इस लिहाज से कमेटी ने पाठ्यक्रम में बदलाव को लेकर फिलहाल खारिज कर दिया है। हालांकि, कमेटी ने यह भी प्रस्ताव सौंपा है कि यदि किसी तरह का बदलाव किया जाना है तो अगले सत्र में किए जा सकते हैं। इस पर दिसंबर में कमेटी फिर से समीक्षा करेगी। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जा सकेगा।


