प्रदेश में होगा पहला ग्रीन शवदाह गृह
*प्लेटफार्मों की संख्या सात से बढ़ाकर 10 की*
( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर के रसूलाबाद शवदाह गृह को संवारने की तैयारी में है। क्षमता वृद्धि के साथ इलेक्ट्रिक और ग्रीन शवदाह गृह का भी निर्माण कराने की योजना है। ग्रीन शवदाह गृह सौर ऊर्जा से संचालित होगा। इससे शव के अंतिम संस्कार का खर्च भी कम आएगा और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होगा। रसूलाबाद शवदाह गृह पर सात प्लेटफार्म बने हैं। ऐसे में वहां एक वक्त में सात शवों का अंतिम संस्कार किया जा सकता है। अभी लकड़ी से ही शवों को जलाने की व्यवस्था है। लकड़ी काफी महंगी होने के कारण शवों के अंतिम संस्कार का खर्च ज्यादा आता है। लेकिन, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्लेटफार्मों की संख्या सात से बढ़ाकर 10 की जानी है। एक इलेक्ट्रिक और एक ग्रीन शवदाह गृह का भी निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था, सुंदरीकरण का काम, संपर्क मार्ग और शौचालय के मॉडिफिकेशन के लिए डिटेल्स प्रोजेक्ट (डीपीआर) रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जो अंतिम चरण में है। डीपीआर तैयार होने के बाद उसे स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। स्वीकृति के बाद एजेंसी चयन के लिए टेंडर निकाला जाएगा। इन प्रस्तावित कामों के लिए करीब आठ करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
सूबे का यह पहला ग्रीन शवदाहगृह होगा। इस बारे में अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रहे हैं। लेकिन, माना जा रहा कि ऐसी व्यवस्था प्रदेश के किसी अन्य शहर में नहीं है।



