Latest

मुविवि: पहली बार ओएमआर शीट पर होंगी सभी परीक्षाएं

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के अंतिम सेमेस्टर व अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 3 अगस्त से शुरू होंगी। परीक्षाएं 16 अगस्त तक चलेंगी। प्रदेशभर के 122 परीक्षा केंद्रों पर तकरीबन 48 हजार छात्र परीक्षा देंगे। कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि इस बार की परीक्षाएं ओएमआर सीट पर कराई जाएंगी। इन परीक्षाओं के प्रवेश पत्र अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड करके कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों।

कुलपति ने बताया कि वेबसाइट पर ओएमआर शीट भरने का डेमो प्रदर्शित किया गया है। जिसमें नामांकन संख्या के साथ बुकलेट कोड नंबर, पेपर कोड नंबर, परीक्षा केंद्र, हस्ताक्षर, प्रश्नों का क्रम एवं विकल्प को ओएमआर शीट में दर्शाने के उपाय को स्पष्टता से समझाया गया है। परीक्षाएं डेढ़-डेढ़़ घंटे की तीन पालियों में होंगी। एक विषय के सभी प्रश्न पत्रों (अधिकतम तीन प्रश्न पत्र) को सम्मिलित करते हुए एक ही प्रश्न पत्र बनाया गया है। कुल प्रश्नों की संख्या 60 होगी। 6 अगस्त को उत्तर प्रदेश बीएड की परीक्षा होने के कारण यह परीक्षा 16 अगस्त होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा हाल में न्यूनतम 6 फीट की दूरी पर बैठने की व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षार्थियों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। कुलपति ने परीक्षा कार्य की समीक्षा की। बैठक में कुलसचिव डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक देवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ संजय कुमार सिंह एवं डॉ दिनेश सिंह, डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र मौजूद रहे। कुलपति प्रोफेसर सिंह ने बताया कि अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा स्नातक द्वितीय वर्ष के ऐसे शिक्षार्थी, जिन्हें प्रथम वर्ष में प्रोन्नत किया गया था और परिणाम द्वितीय वर्ष के अंक पर निर्धारित किया जाना था, ऐसे छात्रों की भी परीक्षाएं कराई जाएंगी।

Related Articles

Back to top button