पीआरएसयू: 471 केंद्रों पर यूजी और पीजी की परीक्षाएं
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय की वार्षिक एवं सम सेमेस्टर की परीक्षा 15 जुलाई से ऑफलाइन मोड में तीन पालियों में होगी। इसके लिए परीक्षा केंद्र तय कर लिए गए हैं। मंडल के चारों जिलों (प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़) के कुल 471 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। पिछले साल 298 केंद्रों पर ही परीक्षा हुई थी।
कोरोना के चलते शासन के निर्देश पर स्नातक प्रथम वर्ष के करीब 1.26 लाख और पीजी प्रथम वर्ष के 35 हजार छात्रों को प्रोन्नत कर दिया गया है। स्नातक द्वितीय वर्ष के 1.20 लाख और तृतीय वर्ष के 1.11 लाख के साथ पीजी फाइनल के तकरीबन 35 हजार छात्रों को परीक्षा देनी होगी। यह परीक्षा 15 जुलाई से प्रस्तावित है और 29 तक पूरी होगी। वार्षिक परीक्षा के लिए कुल 341 केंद्र बने हैं। इसमें प्रयागराज में सर्वाधिक 170, प्रतापगढ़ में 88, फतेहपुर में 48 और कौशांबी में 35 केंद्र बने हैं। सेमेस्टर परीक्षा के लिए प्रयागराज में 80, प्रतापगढ़ में 45, फतेहपुर में 20 और कौशांबी में 10 केंद्र बने हैं। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि 471 केंद्रों पर स्नातक और पीजी की परीक्षाएं कराई जाएंगी।




