बस से लखनऊ का सफर होगा महंगा

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रोडवेज की साधारण और एसी बसों से लखनऊ, अयोध्या प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बस्ती, बहराइच का सफर एक सितंबर से महंगा हो जाएगा। इसके लिए विभाग ने प्रस्तावित रूटों पर किराए की सूची जारी कर दी है।
फाफामऊ पुल की मरम्मत के चलते एक से 30 सितंबर तक बदला बसों का रूट
चंद्रशेखर आजाद सेतु (फाफामऊ पुल) की मरम्मत की जानी है। इसके लिए एक सिंतंबर से 30 सितंबर तक रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसकी वजह से लखनऊ रूट पर 27 किलोमीटर और अयोध्या रूट पर 21 किलो मीटर की दूरी भी बढ़ेगी। इसलिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से प्रस्तावित किराया सूची जारी की गई है। लखनऊ जाने वाली बसें शास्त्री ब्रिज होकर सहसों बाईपास पहुंचेंगी। यहां से हाईवे से नवाबगंज के रास्ते लालगोपालगंज, कुंडा व रायबरेली होकर जाएगी। वहीं, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, बहराइच व बस्ती जाने वाली बसें भी शास्त्री ब्रिज से सहसों जाएगी। फिर शिवगढ़, सोरांव, मऊआएमा होकर निकाली जाएंगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि दूरी बढ़ने से डीजल का खर्च अधिक बढ़ेगा जिस कारण किराया बढ़ रहा है।

