Latest

उद्योगों के विकास को लेकर उद्यमियों के साथ बैठक

अपर मुख्य सचिव ने की बैठक की अध्यक्षता

( अनंत पांडेय ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त संजीव मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में जिलों में उद्योगों को और अधिक विकसित करने के सम्बंध में उद्यमियों के साथ बैठक हुई। बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त/अपर मुख्य सचिव ने जिले में उद्योगों को कैसे बढ़ाया जाय, इस सम्बंध में उद्यमियों से सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि नैनी क्षेत्र में विकसित हो रही सरस्वती हाईटेक सिटी उद्योगों की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने यूपीएसआईडीसी के आरएम को सभी उद्यमियों को सरस्वती हाईटेक सिटी का भ्रमण कराने को कहा। औद्योगिक विकास आयुक्त ने कहा कि उद्योगों को विकसित करना केन्द्र एवं राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है, इसके लिए सरकार के द्वारा कई योजनाएं संचालित की गयी हैं जिनका लाभ उद्यमियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नैनी क्षेत्र के हाईटेक सिटी में क्लस्टर के रूप में उद्योगों का विकास किया जा रहा है। बैठक में उद्यमियों के द्वारा लाइसेंस दिये जाने, स्ट्रीट लाइट, विद्युत कटौती, जमीन की उपलब्धता, निर्यात-आयात की सुविधा आदि विषयों पर सुझाव दिये गये। उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में बार-बार विद्युत कटौती, सड़कों पर स्ट्रीट लाइट के सम्बंध में आ रही समस्याओं के बारे में बताये जाने पर अपर मुख्य सचिव ने सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पोर्टल पर दर्ज आवेदन पत्रों को समय बद्धता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयूर माहेश्वरी, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी
राजेश कुमार राय, यूपीएसआईडीसी के आरएम, अपर आयुक्त सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी तथा उद्यमी जगदीश गुलाटी, जीएस दरबारी व अनिल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button