Latest

एसएससी एसआई भर्ती 2019 पेपर टू में 5108 सफल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने दिल्ली पुलिस व सीएपीएफ में एसआई और सीआईएसएफ में एएसआई भर्ती 2019 के पेपर टू का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। पेपर टू में महिला वर्ग में 473 और पुरुष वर्ग में 4635 कुल 5108 अभ्यर्थी मेडिकल परीक्षण के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
रिक्त पदों के सापेक्ष तीन गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। तीन अभ्यर्थियों का परिणाम विदहेल्ड की श्रेणी में है। आयोग ने 6 अगस्त को पेपर टू की आंसर-की और अभ्यर्थियों की रिस्पांस शीट वेबसाइट पर अपलोड की थी। पेपर वन में 5954 अभ्यर्थी सफल थे।
परिणाम संशोधन के बाद 6 अभ्यर्थी सफल और एक फेल हो गया था। कोर्ट के आदेश पर दो अभ्यर्थियों को पेपर टू में शामिल किया। इस प्रकार पेपर टू में 5961 अभ्यर्थियों को सम्मिलित होना था जिसमें से 5291 ही उपस्थित हुए। आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक सफल परीक्षार्थियों को मेडिकल परीक्षण की सूचना उचित समय पर दी जाएगी। अभ्यर्थियों के अंक भी उचित समय पर अपलोड कर देंगे।

सीजीएल 2020 टियर वन की आंसर-की जारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एसएससी ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल एग्जाम 2020 (टियर वन) की आंसर-की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। परीक्षा 13 से 24 अगस्त के बीच विभिन्न केंद्रों पर कराई गई थी। आंसर-की के संबंध में प्रत्यावेदन 2 से 7 नवंबर की शाम 6 बजे तक प्रति प्रश्न 100 के हिसाब से की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button