अलोपीबाग गुरूद्वारे में आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम

इविवि में गोल्ड मेडल पाने वाली एमए की छात्रा का हुआ सम्मान
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गुरू नानक देव की जयंती के अवसर पर शहर के सभी गुरूद्वारे में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में अलोपीबाग स्थित गुरूद्वारे में गुरूग्रंथ साहब के पाठ का समापन शुक्रवार सुबह 10 बजे सरदार बलवंत सिंह बग्गा ने किया। बता दें कि यह पाठ 17 नवम्बर को शुरू हुआ था। इस दौरान गुरूद्वारे में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड मौजूद रही। कार्यक्रमों की श्रंखला के तहत खुले पंडाल में दिवान सजाया गया। जिसमें ज्ञानी हरविंदर सिंह ने अलोपीबाग के जत्थेदार एवं उनके साथियों और गुरूद्वारा पक्की संगत जत्थे के साथ कीर्तन किया। वहीं कार्यक्रम में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एमए की छात्रा हरप्रीत कौर जिन्हें तबला वादन के लिए गोल्ड मेडल मिला था, को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा गुरूद्वारे के सबसे बुजुर्ग सरदार दर्शन सिंह, पार्षद कमलेश सिंह का भी सम्मान किया गया। वहीं गुरूद्वारे में लंगर का आयोजन किया गया, जिसे सभी धर्म, समुदाय के लोगों ने श्रद्धा के साथ छका। कार्यक्रम में सरदार परमजीत सिंह, मलकियत सिंह, लखविंदर सिंह, हरजीत सिंह खतूरिया सहित अन्य मौजूद रहे।


