रास्ते के विवाद में दो परिवारों में झड़प

आक्रोशित चाचा ने लाइसेंसी बंदूक से अपने दो भतीजों को ताबड़तोड़ फायर झोंका
घटना से गांव में सनसनी फैल गई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । आज करछना के सेमरी गांव में सुबह रास्ते के विवाद में दो परिवारों में झड़प हो गई। मारपीट होने पर आक्रोशित चाचा ने लाइसेंसी बंदूक से अपने दो भतीजों को ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घायलों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वारदात की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने गांव में डेरा डाल दिया है। आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है। सेमरी गांव निवासी दिनेश शुक्ला व नीलू शुक्ला दो सगे भाई हैं। दोनों भाइयों में जमीन व रास्ते को लेकर विवाद चला रहा है। सोमवार सुबह 6 बजे के आसपास एक लड़का उक्त विवादित मार्ग पर पेशाब करने जा रहा था। इसी पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते लाठी डंडे और बंदूक निकल गए। आरोप है कि इस झड़प में नील कमल शुक्ला उर्फ नीलू शुक्ला ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से भतीजे दीपक शुक्ला व वैभव शुक्ला के ऊपर फायर झोंक दिया, जिससे दोनों जमीन पर गिर पड़े। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। घटनास्थल पर पहुंचे गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंचकर छानबीन में जुट गई। उधर घायलों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजा गया जहां पर डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।




