इलाहाबाद समाचारदेशप्रदेश
मुजफ्फरपुर का एक और शेल्टर होम विवादों के घेरे में, 11 महिलाएं गायब
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के शेल्टर होम में बच्चियों से रेप का शर्मनाक मामला सामने आने के बाद एक और शेल्टर होम से संदिग्ध खबरें सामने आ रही हैं. इस शेल्टर होम से 11 महिलाएं गायब हो गई हैं. अधिकारियों और कर्मियों ने इन महिलाओं के गायब होने की जानकारी पुलिस और प्रशासन से छुपाई.
बालिका गृह कांड उजागर होने के बाद सरकार ने ब्रजेश ठाकुर एन्ड कंपनी द्वारा संचालित सभी संस्थाओं की समीक्षा की है. इसी क्रम में बीते 9 जून को सरकार के आदेश पर स्वधार में रहने वाली 16 महिलाओं को बेगूसराय शिफ्ट कर दिया गया था. साथ ही वहां के सभी कागजातों को जब्त कर गृह को सील कर दिया गया था. जब्त कागजात की समीक्षा से यह पता चला है कि यहां से 11 महिलाएं गायब हैं. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई.
बताया जा रहा है कि स्वधार गृह के कर्मियों ने 11 महिलाओं के गायब होने की जानकारी पुलिस और प्रशासन से छिपा रखा था. इस मामले में समाज कल्याण मामलों के सहायक निदेशक दिवेश कुमार ने महिला थाने में दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई है. निदेशक दिवेश कुमार ने इस मामले में सेवा संकल्प एवं विकास समिति के संचालक और कर्मियों को आरोपी बनाया है.
बता दें कि मुजफ्फरपुर के साहू रोड पर ब्रजेश ठाकुर का एन जी ओ सेवा संकल्प एवं विकास समिति द्वारा बालिका गृह संचालित किया जा रहा है. इस बालिका गृह में लड़कियों के साथ यौन शोषण की पुष्टि हुई है. इस मामले के संज्ञान में आने के बाद इस जगह को सील कर दिया गया है. मुजफ्फरपुर बालिका गृह में यौन शोषण के मामले में एफआईआर के बाद ब्रजेश ठाकुर सहित 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

