सड़कें बनी ताल तलैया कालोनियां बन गईं टापू
इलाहाबाद। रविवार दोपहर हुई झमाझम बारिश शहरियों के लिए परेशानी का कारण बनी। सड़कें-गलियां ताल तलैया बनी रहीं। हर तरफ तकरीबन एक बजे तक हर तरफ पानी ही पानी दिखा। लोग जहां के तहां दो से ढाई घंटे तक पानी रुकने का इंतजार करते रहे। अल्लापुर, स्टेशन रोड, बैरहना, रामबाग, नखास कोहना, शाहगंज, नूरूल्ला रोड, खुल्दाबाद, बेनीगंज, हिम्मतगंज, राजरूपपुर, करेली समेत कई मोहल्लों में डेढ़ से दो फीट पानी लगा रहा। लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन रास्ते में फंसे लोगों के लिए जाम आफत बना रहा।

शहर के अल्लापुर, मम्फोर्डगंज, दारागंज, अलोपीबाग, रामबाग, साउथ मलाका, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, कटघर, मीरापुर, कल्याणी देवी, दरियाबाद, करेली, नवाबयूसुफ रोड, सिविल लाइंस के संपर्क मार्गों पर भी घुटने से अधिक पानी लगा रहा। लूकरगंज को जाने और वहां से आने वालों को जलजमाव के कारण घंटों इंतजार करना पड़ा। करेली, कालिंदीपुरम, झलवा, मुंडेरा, चकिया, ट्रिपल आईटी रोड, राजरुपपुर के साठ फीट रोड, झलवा चौराहा आदि इलाकों में जलजमाव बढ़ी परेशानी रही।

जार्ज टाउन थाना परिसर फिर लबालब
जार्जटाउन थाना परिसर तीसरी बार बारिश के दौरान ही लबालब हो गया। नाले का बहाव रुकने से थाने की सामने वाली सड़क पर भरा पानी किसी वाहन के आने पर हिलोरे मारने लगता। इस कारण सड़कों के लबालब होते ही थाना परिसर में पानी भर गया। चौराहे पर पंप चलने के बावजूद बारिश का पानी शाम तक लोगों की परेशानी का कारण बना।

निरंजन और अल्लापुर में कुंदनगेस्ट हाउस के पास पानी भरने से घंटों जाम लगा रहा। इन दोनों स्थानों पर दो से तीन फीट पानी लगा रहा। बस, कार या कोई तिपहिया वाहन निकलता तो अगल-बगल चलने वाले दोपहिया वाहन सवार लोग डगमगा जाते। निरंजन के नीचे जलभराव से घंटों जाम लगा रहा। यहां फंसे वाहन धीरे-धीरे रेंगते रहे।
जलभराव प्रभावित इलाकों में दो फीट से अधिक पानी लगने से बारिश के दौरान फंसे सैकड़ों लोगों के दोपहिया और चारपहिया वाहन बंद हो गए। कार वाले तो मजबूरी में फंसे रहे लेकिन दोपहिया वाहन सवार गाड़ियां धसीटते मिस्त्री तलाशते रहे। सोहबतियाबाग, बैरहना, रामबाग, स्टेशन रोड, नूरूल्ला रोड समेत कई मोहल्लों में जलजमाव से परेशानी बनी रही। कई ई रिक्शा भी पानी घुसने के कारण खड़े हो गए। उन पर बैठे लोग भीगते हुए दूसरा साधन तलाशते रहे।
दारागंज में कच्ची सड़क, अल्लापुर, सोहबतियाबाग, मम्फोर्डगंज, बेली रोड, रामबाग, कुलभाष्कर आश्रम महाविद्यालय के सामने के साथ मेडिकल चौराहे नाला और सीवर चैंबर उफनाए। पहले जलजमाव फिर सड़कों पर फैली गंदगी मुसीबत का कारण बनी रही। शाम तक कीचड़ से बढ़ी फिसलन खतरनाक बनी रही।



