देश-प्रदेश के विकास में मजबूत सरकार का होना आवश्यक : सुनील शुक्ल

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चार दिवसीय प्रचार अभियान शुरू
प्रयागराज( अनुराग दर्शन समाचार )। मतदान प्रक्रिया में प्रत्येक मतदाता को उत्साह पूर्वक भाग लेना चाहिए। हमारे देश का यह राष्ट्रीय पर्व है, इसे प्रत्येक भारतीय द्वारा अपने मत का प्रयोग कर मनाया जाना चाहिए। देश व प्रदेश के विकास में एक मजबूत सरकार का होना आवश्यक है। उक्त विचार संयुक्त निदेशक सुनील कुमार शुक्ल ने शहर के महाराणा प्रताप चौराहे से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी और मतदान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए चार दिवसीय जनजागरूकता अभियान बुधवार से शुरू किया गया है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो प्रयागराज द्वारा मतदान जागरूकता अभियान के दौरान लोक कलाकारों, स्टीकर, हैण्डबिल और बैनर आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस उद्देश्य से एक प्रचार वाहन को निर्वाचन से सम्बंधित स्लोगनों से सुसज्जित कर संचालित किया जाएगा। जिसमें जागरूकता सम्बंधी गीत लगातार बजते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के वरिष्ठ सहायक राम मूरत ने बताया कि बुधवार से शुरू यह चार दिवसीय मतदाता जागरूकता अभियान प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों में चलाकर मतदाताओं को मताधिकार के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। जिससे 27 फरवरी को प्रयागराज में अधिक से अधिक लोग मतदान केन्द्रों पर पहुंच कर योग्य प्रत्याशी का चुनाव करने में योगदान कर सकें।
इस अवसर स्वर संगम लोक सेवा समिति प्रयागराज के कलाकारों द्वारा जागरूकता सम्बंधी संदेशमूलक लोकगीत प्रस्तुत किए गए। कलाकारों द्वारा जिला कचेहरी और माघ मेला क्षेत्र में भी अभियान के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान नेहरू युवा केन्द्र के कार्यक्रम सहायक अदनान उल्ला खान, रामअवध कुशवाहा, रितिका श्रीवास्तव, कर्ताराम, शंकर लाल, सुनील सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


