प्रयागराज में अब हवा में उड़ने वाली बस चलाई जाएगी-केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

इसका डीपीआर तैयार हो रहा है
( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि प्रयागराज में अब हवा में उड़ने वाली बस चलाई जाएगी। इसका डीपीआर तैयार हो रहा है। गडकरी ने कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को भी उन्होंने इसकी जानकारी दे दी है। प्रयागराज पश्चिम विधानसभा के झलवा चौराहे के पास आयोजित जनसभा में गडकरी ने कहा कि उनकी इच्छा है कि वह दिल्ली से प्रयागराज के लिए सी प्लेन में बैठे हैं और यहां त्रिवेणी संगम पर उतरे। गडकरी बोले कि इच्छा भी उनकी पूरी होने जा रही है।
गडकरी बोले कि प्रदेश में भाजपा की फिर सरकार बनाएं और विकास की गति बरकरार रखें। बोले, डबल इंजन की सरकार से चतुर्मुखी विकास संभव है। उत्तर प्रदेश के भविष्य को बदलने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरूरी है। बोले कि पहले उत्तर प्रदेश में गुंडाराज था। गरीबों की संपत्ति पर कब्जा हो जाता था। योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने गुंडो-माफिया को उखाड़ फेंका। कानून व्यवस्था को स्थापित किया। बताया कि प्रयागराज में सरकार ने काफी कार्य किया है। पूरा शहर बदल गया है। प्रयागराज पवित्र तीर्थस्थल है। संगम से इसकी पहचान है। पहले गंगा और यमुना प्रदूषित थीं। भाजपा की सरकार आई तो सबसे नमामि गंगे मंत्रालय बना। प्रयागराज में 11 हजार तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से गंगा को अविरल-निर्मल बनाने के लिए 80 परियोजनाएं स्वीकृत कराई गईं, जिसमें 11 पूरा हो गईं, जिससे 2019 के दिव्य और भव्य कुंभ में गंगा निर्मल हुईं, जिसमें पूरी दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु आए और संगम में पुण्य की डुबकी लगाए। केंद्रीय मंत्री बोले कि प्रयागराज से वाराणसी, मीरजापुर, रीवा, कानपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, जौनपुर, चित्रकूट, बांदा आदि शहरों के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की कीमत से सड़कें बनाई गईं। विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कहा कि सपा सरकार में पांच सौ करोड़ की भी यहां पर सड़क नहीं बनाई जा सकी थी। बोले, 2024 तक यहां की सड़कें अमेरिका की तरह बन जाएंगी, बस आप सब प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाएं। सभा को प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह व कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी ने भी संबोधित किया। प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस स्थित वात्सल्य सभागार में भाजपा अपना मीडिया सेंटर बनाने जा रही है। इसका भी उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया। इस दौरान वह मीडिया से भी बातचीत की। उसके बाद पार्टी पदाधिकारियों से मिलकर लखनऊ रवाना हो जाएंगे।



