FEATURED

बर्डवॉचिंग बेहतरीन हॉबी, इससे मानसिक व शारीरिक विकास: डॉ अर्पित बंसल

पक्षियों को बचाने की पहल ’सेव आवर बर्ड्स’ कार्यक्रम हुआ आयोजित

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज( अनुराग दर्शन समाचार )। बर्डवाचिंग से हम प्रकृति से और अधिक जुड़ते हैं। बर्डवॉचिंग सुनने व सीखने की क्षमता को भी विकसित करता है। क्योंकि हम विभिन्न प्रजाति के पक्षियों को उनकी आवाज से पहचानने की कोशिश करते हैं। साथ ही जब हम पेड़ों पर बैठे पक्षियों को देखने व पहचानने की कोशिश करते हैं तो एकाग्रता बढ़ती है। यह सब गुण हमें अपने कैरियर में भी सहायता करते हैं एवं सकरात्मक रखते हैं। बर्डवॉचिंग एक बेहतरीन हॉबी है। इससे ना सिर्फ पक्षियों के संरक्षण में मदद मिलती है बल्कि व्यक्ति का शारीरिक व मानसिक विकास भी होता है। यह बातें शहर के चर्चित बर्ड फोटोग्राफर व जीवन ज्योति हॉस्पिटल के निदेशक व कैंसर सर्जन डॉ अर्पित बंसल ने शनिवार को विशप जॉनसन स्कूल एंड कॉलेज में छात्रों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने छात्रों को पक्षियों को बचाने की पहल ’सेव आवर बर्ड्स’ कार्यक्रम में बहुत ही रोचक तरीके से बर्ड फोटोग्राफी व बर्डवॉचिंग के बारे में विस्तार से समझाया। जिससे पक्षियों के संरक्षण में मदद मिले। डॉ अर्पित बंसल ने बताया कि प्रयागराज व उसके आसपास कई बहुत ही सुंदर व दुर्लभ प्रजाति के पक्षी पाए जाते हैं। उनका संरक्षण बहुत ही ज़रूरी है। हमने कुछ महीने पहले झूंसी में दुर्लभ प्रजाति के उल्लू मॉटल्ड वुड आउल को देखा व उनकी तस्वीर ली। इसी तरह से यहां पर स्किमर्स बर्ड्स की प्रजाति भी पायी जाती है। चिडि़याओं की बहुत ही अनोखी दुनिया है। इनको बचाने के लिए सभी को इस गर्मी के मौसम में दाना व पानी रखना चाहिए। छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए डॉ अर्पित ने कहा की बर्डवॉचिंग उनका पैशन है व इसके लिए वह समय निकाल लेते हैं। बस अपनी दिनचर्या नियंत्रित करनी होती है। इस तरह आप अपने किसी भी हॉबी के लिए समय निकाल सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि ’सेव आवर बर्ड्स’ कार्यक्रम संयुक्त रूप से रोटरी इलाहाबाद मिडटाउन, प्रयागराज पुलिस व लैसडेस (एनजीओ) द्वारा विभिन्न जगहों पर आयोजित किया जाता है। जिससे लोगों को अपनी छत व बालकनी आदि पर पानी व दाना रखने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इस अवसर पर बिशप जॉनसन स्कूल एंड कॉलेज के पिं्रसिपल डॉ वीएन सिंह, हेडमिस्ट्रेस प्रियदर्शिनी सिंह, रोटरी इलाहबाद मिडटाउन प्रेजिडेंट पंकज जैन, सेक्रेटरी राधा सक्सेना, चार्टर्ड अकाउंटेंट विनय गोयल, कोऑर्डिनेटर सिद्धार्थ वीरेंदर अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button