बहन की विदाई कराने गए युवक को उसके जीजा ने मारी गोली

साले को गोली मारने के बाद जीजा ने खुद को घर में किया बंद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। करछना इलाके के कनैला गांव में सोमवार शाम अपनी बहन की विदाई कराने गए एक युवक को उसके जीजा ने गोली मार दी। साले को गोली मारने के बाद जीजा ने खुद को घर में बंद कर लिया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। मौके पर पुलिस बल गेट खोलने का प्रयास कर रही है। पूर्व फौजी की इस हरकत ने आसपास के लोगों को भी सन्न कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंच गए।
पुरानी थी अनबन, गेट पर ही किया साले पर फायर
करछना थाना क्षेत्र के ककरम गांव का निवासी संजय शुक्ला पुत्र देवी प्रसाद शुक्ला सेना से रिटायर हुआ है। वह नैनी के कनैला गांव में मकान बनवाकर रहता है। उसकी ससुराल करछना के देवरी गांव में है। संजय और उसके ससुरालियों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। सोमवार शाम पांच बजे संजय का साला अभिषेक मिश्रा पुत्र हौसला प्रसाद मिश्रा बहन को मायके के लिए विदा कराने पहुंचा था। दरवाजा खोलते ही संजय शुक्ला ने उस पर फायर कर दिया। गोली अभिषेक के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वह चीखते हुए दूर भागा।
*पुलिस पहुंची तो गेट बंद और असलहे के साथ आरोपित घर के भीतर*
इस बीच वहां भीड़ लगी तो पुलिस को खबर दी गई। गोली मारने की सूचना पर पर नैनी थाने की पुलिस फोर्स वहां पहुंची। इंस्पेक्टर और दारोगाओं ने घर में दाखिल होने का प्रयास किया तो पता चला गेट बंद है। काफी आवाज देने और खटखटाने पर भी गेट देर शाम तक नहीं खुला। पुलिस छत के रास्ते दाखिल होने की कोशिश में है।




