रिटायर सब इंस्पेक्टर ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। 82 वर्ष की उम्र में आत्महत्या और वह भी पुलिस विभाग से रिटायर सब इंस्पेक्टर ने की, यह सुनकर कोई भी हैरान रह जाए लेकिन ऐसा सच में हुआ। सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर होने के बाद सरायइनायत इलाके के दक्षिणी कोटवा गांव में रहने वाले 82 वर्षीय राघव प्रताप सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। वहीं उनकी मौत हो गई। खबर फैली तो सराय इनायत थाने की पुलिस पहुंची और बंदूक कब्जे में ली। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट से पता चला कि आत्महत्या के पीछे लंबी बीमारी है। एसपी गंगापार और सीओ फूलपुर ने भी घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से बात की। पुलिस ने राघव प्रताप के कमरे का निरीक्षण किया तो दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला जिसे पढ़ने से पता चला कि वह बीमारी से परेशान थे इसलिए जान दे दी। यह भी लिखा था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है और उनके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाए। कुछ और भी बातें लिखी थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि पिछले दिनों वह 15 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे थे। पुलिस का कहना है कि छानबीन में साफ हो गया कि यह सुसाइड केस है।




