भारतीय जीवन मूल्यों में नारी संस्कृति फलती-फूलती है : दिनेश सिंह

समता और समानता की लहर पूरे देश में दौड़ रही
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। आप सब का जीवन त्याग और तपोमय है। समता एवं समानता की लहर पूरे देश में दौड़ रही है और पूरे देश में नारी का सम्मान भी बढ़ रहा है। भारतीय जीवन के मूल्यों में नारी की संस्कृति फलती फूलती है। हमारे भारतीय महापुरुषों ने अनेकों बुराइयों एवं कुरीतियों को दूर करने का प्रयास तथा जिसे समाज ने ठुकराया उसे अपनाने का कार्य किया है।
यह बातें सचिव, भारतीय शिक्षा परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं प्रशिक्षण प्रमुख दिनेश सिंह ने रविवार को विद्या भारती काशी प्रांत द्वारा संचालित सेवा बस्तियों में चल रहे संस्कार केंद्रों के संयोजकों के सात दिवसीय सेवा शिक्षा प्रशिक्षण वर्ग के पांचवें दिन कही। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर में उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सर्व समाज के साथ-साथ हिंदुओं को जगाने तथा इसको परम वैभव तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। क्योंकि हिंदू जगे तो देश जगेगा, तभी मानव का विश्वास जगेगा, भेद भावना तमस हटेगा, समरसता अमृत बरसेगा।
क्षेत्रीय शिशु वाटिका प्रमुख विजय उपाध्याय ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में कार्य करने से हमारे लक्ष्य की पूर्ति सम्भव है। आप सभी बंधु, भगिनी श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं जो प्रेरणास्रोत है। सेवा कार्य ईश्वरीय कार्य है जो स्वयं ईश्वर की कृपा से पूर्ण हो जाता है। उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्र नेपाल में संस्कार केंद्रों के 28,000 स्वयंसेवकों का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ जिसमें दूरदराज के अनेकों स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़ कर कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।
संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय ने अतिथियों सहित आए हुए समस्त केंद्र संयोजकों का स्वागत किया। प्रधानाचार्य के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में काशी प्रांत से लगभग 100 सेवा केंद्र के संयोजक भाग ले रहे हैं। संचालन दिनेश कुमार शुक्ला ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा शिक्षा संयोजक रामस्वरूप, प्रांतीय सेवा प्रमुख कमलाकर तिवारी, क्षेत्रीय सीमा सेवा संयोजक राघव, सह शिक्षा सेवा संयोजक नरसिंह नारायण सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, अवधेश कुमार, प्रवीण कुमार तिवारी, कुंदन सिंह, अभिषेक शर्मा, दीपक दयाल, सचिन सिंह परिहार, विशाल कुमार सहित विद्यालय के समस्त आचार्य एवं आचार्या उपस्थित रहे।



