प्रबंध निदेशक ने निरीक्षण कर दिया आवश्यक निर्देश

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। प्रबंध निदेशक, उ0प्र0 जल निगम (नगरीय) एवं सचिव नगर विकास अनिल कुमार ने सोमवार को सीडीए पेंशन भूमि पर कराये गये कार्य, बक्शी बांध पर बनाये जा रहे उच्च जलाशय के निर्माण कार्य एवं सलोरी एसटीपी में बनाये जा रहे 50 केएलडी को-ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया है।
उन्होंने सीडीए पेंशन परिसर में पहुंचकर वन विभाग द्वारा कराये गये मियावाकी वृक्षारोपण, हरित पट्टी वृक्षारोपण एवं नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को लगाये गये पौधों की उचित देखभाल किए जाने तथा पौधां से पौधों की दूरी मानक के अनुसार रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयागराज पेयजल पुनर्गठन योजना फेज-3 से सम्बंधित खुशरूबाग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में कराये जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। करैलाबाग में पम्पसेट के बदले जाने के कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 10 जुलाई तक कार्य पूर्ण कर सूचित किए जाने का निर्देश महाप्रबंधक जल निगम को दिया है। प्रबंध निदेशक ने मुण्डेरा विसनापुरी कालोनी में सीवर गृह संयोजन के कार्य को देखा तथा लोगों से कार्य के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात् मुण्डेरा विश्नापुरी कालोनी महिला ग्राम में पहुंचकर सीवरेज डिस्ट्रिक्ट-ई एवं ई पार्ट-2 में सीवर गृह संयोजन के कार्यों को देखा तथा लोगां से कनेक्शन के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। प्रबंध निदेशक ने बक्शी बांध के निकट बनाये जा रहे उच्च जलाशय के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिया। अनिल कुमार ने प्रयागराज पेयजल पुनर्गठन योजना फेज-2 के तहत बक्शी बांध के निकट 1150 किली0 उच्च जलाशय के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया एवं निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। जल निगम द्वारा बताया गया कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो गया है, जो भी छोट-मोटे कार्य बचे हुए हैं उनको शीघ्र ही पूरा करा लिया जायेगा। प्रबंध निदेशक ने दो सप्ताह के अंदर कार्य को पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। प्रबंध निदेशक ने बक्शी बांध के अंदर सलोरी एसटीपी कैम्पस में बनाये जा रहे ट्रीटमेंट प्लांट के निमार्ण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बक्शी बांध के अंदर सलोरी एसटीपी कैम्पस में 50 केएलडी को-ट्रीटमेंट प्लांट के निमार्ण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा है कि कार्यों में समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शिपू गिरि, प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चन्द्र, अपर नगर आयुक्त तथा जलनिगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


