त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्री ने शंकराचार्य आश्रम में किया रुद्राभिषेक, जगद्गुरु से लिया आशीर्वाद

गोवर्धन स्थित आश्रम में शंकराचार्य अधोक्षजानंद कर रहे चातुर्मास व्रत का अनुष्ठान
अनुष्ठान में देश भर से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी
( अनुराग शुक्ला )
गोवर्धन,मथुरा (अनुराग दर्शन समाचार )। चातुर्मास के दौरान गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में चल रहे विशेष अनुष्ठान व पार्थिव शिवलिंग के पूजन और अभिषेक में देश भर से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला प्रारम्भ हो गया है। आज त्रिपुरा सरकार के कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद पाल ने रुद्राभिषेक किया और गोवर्धन पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ से आशीर्वाद लिया।
त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद पाल कल देर शाम ही शंकराचार्य आश्रम गये थे और वहीं रात्रि प्रवास किया। भोर में सर्वप्रथम उन्होंने श्रीआद्य शंकराचार्य भगवान की चरण पादुका का पूजन किया। फिर गोवर्धन पुरी पीठ के ब्राह्मलीन शंकराचार्य स्वामी श्री निरंजनदेवतीर्थ जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर वर्तमान पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद यज्ञशाला में जाकर त्रिपुरा के कैबिनेट मंत्री ने चातुर्मास व्रत के अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान वहां नियमित बन रहे पार्थिव शिवलिंग का उन्होंने विधि विधान से पूजन कर रुद्राभिषेक किया। पूजन के बाद उन्होंने कहा कि चातुर्मास में गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में जगद्गुरु देवतीर्थ के सानिध्य में चल रहे वैदिक अनुष्ठान से लोगों को इस समय बड़ा ही आध्यात्मिक बल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ये अनुष्ठान मन को शांति और आध्यात्मिक चेतना प्रदान करते हैं। शंकराचार्य आश्रम में आज असम की प्रख्यात अभिनेत्री सामंतिका शर्मा, नोएडा के सिविल जज अवधेश कुमार दिवाकर, अवकाशप्राप्त जनपद न्यायाधीश रमेश चंद्र दिवाकर, उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता दावेश दिवाकर, श्रीमती गायत्री देवी और पिंटू चौधरी समेत कई अन्य श्रद्धालुओं ने भी शंकराचार्य आश्रम पहुंचकर चातुर्मास के अनुष्ठान में भाग लिया।
इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री मेरूकांत पांडेय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रोहताश सिंह, संघ के ही पदाधिकारी मानवेंद्र सिंह भारत सहित तमाम स्थानीय लोग भी वहां मौजूद रहे। गौरतलब है कि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज इस समय गोवर्धन स्थित आश्रम में चातुर्मास व्रत का विशेष अनुष्ठान सम्पन्न कर रहे हैं। इस दौरान शंकराचार्य आश्रम में प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन, बीजमंत्र सहित महामृत्युंजय मंत्र भगवान चंद्रमौलेश्वर का अभिषेक, राजराजेश्वरी त्रिपुरसुंदरी की विशेष पूजा अर्चना एवं अन्य यज्ञादि अनुष्ठान विधि विधान से विद्वान आचार्यों द्वारा सम्पन्न कराया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए देश भर से साधु-संत एवं श्रद्धालुगणों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।




